Uttrakhand: नो-एंट्री में मौत बनकर दौड़ा डंपर, जीजा संग चाउमीन खा रहे साले की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। मंगलवार रात टीपीनगर चौराहे पर ठेले के पास चाऊमीन खा रहे 28 वर्षीय अनिल सिंह रौतेला को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया।
गंभीर रूप से घायल अनिल को परिजन तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से भागते वाहन को देवलचौड़–छड़ायल मार्ग पर पकड़ लिया गया। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मूलरूप से भवाली थाना क्षेत्र के हरतपा, रातीघाट निवासी अनिल सिंह रौतेला हल्द्वानी में पंचायत घर के पास किराये के मकान में रहते थे। वह एक निजी फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार रात वह अपने जीजा हिमांशु पांडे और भाई के साथ कार से टीपीनगर चौराहे पहुंचे थे। वह सड़क किनारे ठेले पर चाऊमीन और मोमोज खाने लगे, तभी मंडी की ओर से तेज गति से आए डंपर ने उन्हें कुचल दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद भी चालक रुका नहीं। यह देख स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और देवलचौड़–छड़ायल मार्ग पर डंपर रोक लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाते हुए डंपर का चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के जीजा हिमांशु पांडे ने बताया कि डंपर चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उनके पिता हरीश सिंह रौतेला किसान हैं। कोतवाल विजय सिंह मेहता ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
