28 मार्च तक शत-प्रतिशत बजट खर्च करें, कोई धनराशि लैप्स न हो : धर्मपाल सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चालू वित्तीय वर्ष में आवंटित धनराशि का 28 मार्च तक शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में बजट सरेंडर न किया जाए और एक भी रुपया लैप्स नहीं होना चाहिए। मंगलवार को विधान भवन स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने लंबित भुगतानों को तत्काल निपटाने के निर्देश दिए। 

साथ ही निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए योजनाओं की नियमित निगरानी और धनराशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

धर्मपाल सिंह ने गौ संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की बात दोहराते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने गौशालाओं में निराश्रित गोवंश के लिए गर्मी से बचाव, स्वच्छ पेयजल, चारा और तिरपाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान धर्मपाल सिंह ने नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान और लघु पशुपालन जैसी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया, ताकि किसानों और पशुपालकों को लाभ मिले और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ें। 

संबंधित समाचार