Uttrakhand: दोस्त को गिफ्ट का डिब्बा देकर बना डाला हथियार सप्लायर, फिर पुलिस का खौफ दिखाकर हड़पे 9.50 लाख
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना पंतनगर इलाके में पैसा हड़पने का एक नया मामला सामने आया है। एक दोस्त ने दूसरे दोस्त को गिफ्ट बताकर डिब्बा दिया। जब डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें देशी कट्टा निकला। फिर यहीं से दोस्त को ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हुआ और गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर युवक के पिता से लाखों रुपये हड़पने लगा। मामला खुलने पर पुलिस ने पीड़ित युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी है।
वार्ड-दस जवाहर नगर नगला थाना पंतनगर निवासी रजत वर्मा ने बताया कि उसकी दूसरी गली में उसके दोस्त नीरज की ससुराल है। दोस्त अक्सर अपनी ससुराल में ही रहता है। जिस कारण उससे अच्छी खासी दोस्ती भी हो गई। मुलाकात के दौरान दोस्त बोला कि जब भी वजह हल्द्वानी काम से जाएगा तो वह भी उसकी गाड़ी से साथ चलेगा। 31 जनवरी 2026 की सुबह 11 बजे जब वह घर से निकला और हल्द्वानी तिकोनिया के समीप पहुंचा ही था कि नीरज की कॉल आयी। लगातार बातचीत के बाद साढ़े तीन बजे नीरज से एक कैफे में मुलाकात हुई।
शाम चार बजे वह गाड़ी में ही साथ घूमता रहा तभी अचानक उसकी गाड़ी के पास एक गाड़ी रुकी। खुद को जानवरों की दवाई वाला बताकर उसे एक डिब्बा गिफ्ट बताकर दिया। थोड़ी देर बाद जब डिब्बा खोला तो एक डिब्बे में चाय के गिलास थे और नीचे वाले डिब्बे में एक देसी तमंचा रखा हुआ था। घबरा कर उसने डिब्बा गाड़ी से बाहर फेंक दिया। थोड़ी देर बाद दोस्त नीरज की कॉल आयी और भयभीत करने की भाषा में बोला कि वह तेरे पास आ रहा है और तमंचा उठाकर दूसरे स्थान पर फेंकना है। दोस्त ने तमंचा उठाकर बिंदुखत्ता की झाड़ियों में फेंक दिया।
कुछ घंटे बाद नीरज ने बोला कि तमंचा देने वाला पकड़ा गया है और तेरा नाम सामने आया है। जब तक मामला ठंडा नहीं हो जाता तू बिना किसी को बताए देहरादून चले जा। फिलहाल वह मामला रफा दफा करने का प्रयास कर रहा है। समय बीतता गया और जब रजत को कुछ संदेह हुआ और पंतनगर आकर उसने पड़ताल की तो पता चला कि नीरज ने उसे पुलिस का खौफ दिखाकर देहरादून भेज दिया। पिता को बेटे की गिरफ्तारी का भय दिखाकर 9.50 लाख रुपये रफा दफा करने की आड़ में हड़प लिए और पीड़ित युवक की कार भी अभियुक्त लेकर फरार हो गया। पीड़ित का कहना था कि नीरज ने दोस्ती की आड़ में तमंचा रखकर उसे हथियार सप्लायर बनाया और भयभीत कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। थाना पंतनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश तेज कर दी है।
पिता को दिया झांसा, फिर डराया
रुद्रपुर। शिकायतकर्ता रजत का कहना था कि नीरज इतना शातिर था कि उसे देहरादून भेजने के बाद वह घर गया और पिता को यह कहकर साथ ले गया कि पंतनगर वाइस चांसलर से वार्ता कर बेटे की नौकरी की बातचीत करते हैं। जबरन पिता को साथ ले जाने के बाद नीरज स्टेडियम ले गया। बताता है कि रजत का नाम हथियार सप्लायर में आया है और पुलिस खोजबीन कर रही है। यह भी बोला कि उसने एसएसपी पेशकार के अलावा कोतवाल से बातचीत कर ली और मामला रफा दफा करने के लिए पैसे की आवश्यकता पड़ सकती है। हिदायत दी कि रजत को भी मत बताना। इसके बाद नीरज ने पिता को भ्रमित कर 9.50 लाख रुपये की रकम अपने खाते में डलवा ली।
52 दिन तक बाहर रहा रजत
रुद्रपुर। नीरज ने पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए रजत को देहरादून जाकर छिपने की सलाह दी और उसकी कार भी अपने पास रख ली। जब वह जनवरी माह में देहरादून गया और कई दिन तक मामला रफा दफा होने का इंतजार करता रहा। अभियुक्त फोन पर बातचीत करता रहा, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसे देहरादून भेजने के पीछे भी अभियुक्त की सोची समझी साजिश थी। 3 फरवरी को पीड़ित युवक देहरादून चला गया और कुछ दिन बाद जब दोस्त अरुण व पिता से बात की तो नीरज के शातिराना दिमाग का खौफनाक खेल रचने पर संदेह हुआ।
दोस्त अरुण को भेजा धमकी भरा मैसेज
शिकायतकर्ता रजत ने बताया कि जब असलियत का खुलासा होने पर वह देहरादून से थाना पंतनगर आया। अपने दोस्त अरुण से मुलाकात कर वास्तविकता जानने का प्रयास किया तो दोस्त ने मोबाइल पर एक मैसेज दिखाया। जिसमें नीरज ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाया कि साले तुझे भी पुलिस ढूंढ रही है। यह भी पता चला कि अरुण जिस होटल में रुका था। वहीं से नीरज ने नंबर निकाला और ट्रैक करते हुए घर भी पहुंचा था। जहां उसने दोस्त को संगीन मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
दोस्त को बताता रहा मंत्री जी का नाम
रुद्रपुर। 14 फरवरी को अभियुक्त ने पीड़ित युवक को फोन किया और बोला कि यदि पुलिस पूछताछ करती है कि तेरी गाड़ी कहां है तो बोलना कि गाड़ी मंत्री के पास है और गाड़ी का प्रयोग उनका परिवार और चालक करता रहता है। अभियुक्त ने यह भी बताया कि पुलिस से बोलना कि वह मंत्री के साथ काम करता है और एक दिसंबर को उसने नौकरी ज्वाइन की थी। मंत्री का नाम सामने आते ही पुलिस भी कार्रवाई करने से कतराएगी।
थाना प्रभारी, पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि थाना पंतनगर इलाके के रहने वाले युवक रजत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कारण घटनाक्रम हल्द्वानी और काठगोदाम इलाके की है। बावजूद थाना पंतनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता के आरोपों की तस्दीक हो रही है और प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का हो सकता है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है और जांच के बाद ही आरोप-प्रत्यारोप की वास्तविकता सामने आएगी। मामला सही पाए जाने पर पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी।
