कानपुर : पुलिस ने खाटू श्याम ज्वैलर्स में हुई चोरी किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। कानपुर के थाना चकेरी क्षेत्र में खाटू श्याम ज्वैलर्स की दुकान में सेंध लगाकर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की ज्वैलरी, डीवीआर और अन्य सामान बरामद किया है। 

पुलिस ने बताया कि 16/17 मार्च की रात अज्ञात चोरों ने दुकान की दीवार में सेंध लगाकर सोने-चांदी व आर्टिफिशियल ज्वैलरी, नगदी तथा डीवीआर चोरी कर लिया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर सर्विलांस और थाना चकेरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। 

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों मोहम्मद शकील और धर्मेन्द्र गौतम उर्फ जावेद को 23 मार्च की रात 80 फीट रोड से गिरफ्तार किया गया। वहीं चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी शाह कमाल को 24 मार्च को कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी की ज्वैलरी, आर्टिफिशियल ज्वैलरी के 150 से अधिक आइटम, डीवीआर, नकब लगाने के औजार तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद शकील के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार