हज यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन अनिवार्य, सऊदी गाइडलाइंस के तहत आज फिटनेस प्रमाणन जरूरी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अदाही के लिए नुसुक गसार पोर्टल पर 23 मार्च तक विकल्प का अंतिम मौका

लखनऊ, अमृत विचार: हज यात्रा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सऊदी अरब सरकार के हज मंत्रालय की गाइडलाइंस के अनुसार सभी हज यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन अनिवार्य कर दिया गया है। एस.पी. तिवारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के 16 मार्च 2026 के सर्कुलर के तहत यह निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें एनआरआई हज यात्री भी शामिल हैं।

निर्देशों के अनुसार, हज यात्रियों को अपनी मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाणन 18 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से कराना होगा। वहीं वैक्सीनेशन यात्रा से 10 दिन पूर्व तक कराया जा सकता है। सभी यात्रियों को अपनी पूरी यात्रा के दौरान मूल हेल्थ कार्ड साथ रखना जरूरी होगा।

एनआरआई हज यात्रियों को जिस देश में वे रह रहे हैं, वहीं के सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी स्वास्थ्य केंद्रों से मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर उसका प्रमाण पत्र संबंधित राज्य हज समिति को उपलब्ध कराना होगा। इनके मेडिकल और वैक्सीनेशन का पूरा खर्च यात्रियों को स्वयं वहन करना होगा। इसके साथ ही हज कमेटी ऑफ इंडिया ने एक अन्य सर्कुलर में बताया है कि सऊदी सरकार ने अदाही (कुर्बानी) के लिए नुसुक गसार पोर्टल के माध्यम से ही खरीद को अनिवार्य कर दिया है। जो यात्री अभी तक इस विकल्प का चयन नहीं कर पाए हैं, उन्हें 23 मार्च 2026 तक हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अदाही का विकल्प चुनने का अंतिम अवसर दिया गया है। हज कमेटी ने सभी यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

संबंधित समाचार