UP : केजीएमयू और पीजीआई में आज बंद रहेगी ओपीडी

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लोहिया संस्थान में दो दिन नए पंजीकरण नहीं होंगे

लखनऊ, अमृत विचार : रामनवमी पर दो दिन सार्वजनिक अवकाश होने के कारण लखनऊ के चिकित्सा संस्थान और सरकारी अस्पतालों की ओपीडी सेवाओं में बदलाव किया गया है। इमरजेंसी और जरूरी सेवाएं संचालित रहेंगी।

संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में 26 मार्च गुरुवार को केवल इमरजेंसी सेवाएं ही संचालित होंगी। प्रवक्ता कुसुम यादव ने बताया कि 27 मार्च को नए मरीजों का पंजीकरण नहीं होगा। जिन मरीजों का ओपीडी में पहले से अपॉइंटमेंट है उन्हें देखा जाएगा। पहले से निर्धारित जांच और ऑपरेशन भी होंगे। 24 घंटे लैब और आकस्मिक सेवाएं जारी रहेंगी, किंतु ओपीडी सैंपल कलेक्शन, प्रशासनिक भवन और शैक्षणिक ब्लॉक बंद रहेंगे।

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि गुरुवार को ओपीडी बंद रहेगी और इमरजेंसी सेवाएं चलती रहेंगी। शुक्रवार से ओपीडी सामान्य रूप से संचालित होगी। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार अवकाश रहेगा। दोनों दिन ओपीडी में केवल पुराने मरीज ही देखते जाएंगे, नए पर्चे नहीं बनेंगे। पहले से तय ऑपरेशन और जांचें होंगी। गंभीर मरीजों का इलाज इमरजेंसी में किया जाएगा।

सरकारी अस्पतालों में दोपहर 12 बजे तक देखे जाएंगे मरीज

राजधानी के सिविल, बलरामपुर और लोकबंधु अस्पताल सहित अन्य सरकारी अस्पतालों की ओपीडी सीमित समय के लिए संचालित होगी और दोपहर 12 बजे तक ही मरीजों को देखा जाएगा।

यह भी पढ़ें : गौ-संरक्षण कार्यों में बरती लापरवाही, तो होगी सख्त कार्रवाई, जानें अफसरों से ऐसा क्यों बोले मंत्री धर्मपा

संबंधित समाचार