कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति शुरू, बड़े होटल-रेस्टोरेंट में मांग का 20% मिलेगा सिलेंडर, कालाबाजारी पर भी सरकार की नजर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : शहर के बड़े होटल-रेस्टोरेंट को कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बुधवार से शुरू हो गई है। अभी खपत की 20 फीसदी गैस ही उपलब्ध कराई जाएगी, धीरे-धीरे इसे बढ़ाया जाएगा। क्लार्क अवध, ताज, रेनेसां, रमाडा, हयात, रेडिसन, जेमिनी, नोवाटेल आदि होटलों को कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।

जिलाधिकारी विशाख जी ने मंगलवार को आपूर्ति विभाग के अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति की समीक्षा की थी। इसमें प्लान बनाकर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति के निर्देश दिए थे। 

इसमें जिलाधिकारी ने कहा था कि, गैस एजेंसियां कॉमर्शियल सिलेंडर की कालाबाजारी न कर सकें इसके लिए गैस एजेंसियों को केवल ग्राहकों की मांग पर ही आपूर्ति की जा रही है। बड़े होटलों में इस्तेमाल के लिए कानपुर से 19 किलो से भी अधिक क्षमता के कॉमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

एडीएम आपूर्ति ज्योति गौतम ने बताया कि गैस एजेंसियों के बड़े उपभोक्ता कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सीधे तेल कंपनियों से मांग कर सकते हैं। बड़े उपभोक्ताओं को अभी कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इसके बाद अन्य होटलों-रेस्टोरेंट को भी मांग और आवश्यकता के हिसाब से आपूर्ति की जाएगी।

घरेलू सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर लग रहीं कतारें

घरेलू गैस सिलेंडर के लिए अब भी गैस एजेंसियों के बाहर कतारें लग रही हैं। बुकिंग और डीएससी नंबर मिलने के एक हफ्ते बाद भी एजेंसियां घरों पर गैस सिलेंडर नहीं पहुंचा रही हैं। इससे उपभोक्ता परेशान होकर गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं।

बुधवार को केकेसी स्थित भारत की ज्योति गैस सर्विस के बाहर भी गैस लेने के लिए लंबी लाइन लगी रही। तेलीबाग स्थित इंडेन गैस सर्विस में डीएससी नंबर मिलने के बाद भी ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिला। उन्हें एजेंसी के कर्मचारी इधर-उधर टहला रहे हैं। इंडेन और भारत की गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की समस्या बरकरार है।

ये भी पढ़ें  : 
रामलला दर्शन के लिए चलना पड़ रहा 2 से 3 किमी., कड़ी धूप-बैरिकेडिंग ले रही श्रद्धालुओं की कड़ी परीक्षा

संबंधित समाचार