Census 2027:प्रदेश में जनगणना होगी पूरी तरह डिजिटल, आंकड़े मिलेंगे तेज और सटीक
जिला पंचायत राज अधिकारियों का राज्य स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में इस वर्ष होने वाली जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी, जिससे आंकड़े पहले से तेज और सटीक उपलब्ध होंगे। जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी, पहला चरण मकान सूचीकरण का 22 मई से 20 जून 2026 तक, और दूसरा चरण जनसंख्या गणना का 9 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। पूरा डेटा मोबाइल एप और केंद्रीय पोर्टल सीएमएमएस के माध्यम से संग्रहित और प्रबंधित किया जाएगा।
पंचायती राज प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को जिला पंचायत राज अधिकारियों के लिए राज्य स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें सभी जिलों के अधिकारी शामिल हुए। पंचायती राज विभाग के विशेष सचिव राजेश त्यागी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े विकास की नींव होते हैं। डिजिटल प्रणाली से आंकड़े पहले उपलब्ध होंगे और योजनाओं को तेजी मिलेगी।
जनगणना निदेशक शीतल वर्मा ने बताया कि इस बार लोगों को पहली बार स्व-गणना का अवसर मिलेगा, जिसमें वे स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 तक पूरे प्रदेश के आंकड़े तैयार कर देश के सामने प्रस्तुत करना है। डिजिटल जनगणना से न केवल सटीक डेटा मिलेगा, बल्कि ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विकास योजनाओं की प्रभावी योजना भी संभव होगी।
