Bareilly : रोडवेज अफसर भेजते रहे पत्र मगर किसी ने नहीं सुनी, खानापूर्ति के अभियान चलाकर झाड़ा पल्ला
बरेली, अमृत विचार। सैटेलाइट बस अड्डे पर गहरे नाले में अजनबी के गिरने को लेकर नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही सामने आई है। एआरएम रोडवेज ने कई बार नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस के अफसरों को पत्र लिखकर अवैध ठेलों के साथ ही सैटेलाइट से अतिक्रमण हटाने को कहा था लेकिन सब सिवाय खानापूर्ति के कुछ नहीं किया गया।
रुहेलखंड डिपो के एआरएम अरुण कुमार वाजपेई की तरफ से 8 अप्रैल 2025 से कई बार पत्र लिखकर कहा गया कि सेटेलाइट बस अड्डे पर तीनों तरफ फड़ और ठेले वालों ने अनधिकृत रूप से अतिक्रमण कर लिया है। इसके अलावा शिकायत में कहा गया था कि ऑटो रिक्शा वाले बस अड्डे के गेट पर ऑटो खड़े कर देते है। जिससे बस को निकलने में परेशानी होकर जाम लग जाता है। कई बार बस अड्डे पर तैनात केंद्र प्रभारियों ने ठेले व ऑटो को हटाया, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर से लगा लेते है। अधिक बार टोकने पर वह मारपीट करते है।
पत्र में सेटेलाइट बस अड्डे पर अराजक तत्वों का जिक्र करते हुए कहा गया था कि 2025 में एक हत्या भी हो चुकी है। इसके अलावा मई 2025 से लेकर अब तक कई बार नगर आयुक्त को भी पत्र लिखकर नाले की सफाई कराने को कहा गया था। पत्र में कहा गया था कि शाहजहांपुर-लखनऊ गेट पर नाले का पानी ऊपर चलने से सड़क और नाले में कोई अंतर नहीं दिखाई देता है। जिससे कभी भी कोई अप्रिय घटना होने की आशंका जताई गई थी। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने एआरएम की तरफ से भेजे गए पत्र का संज्ञान नहीं लिया। ऐसे में नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की भी लापरवाही सामने आ रही है।
