Durga Ashtami: नोएडा में चैत्र नवरात्र पर भक्ति का उत्साह, अष्टमी पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना, भंडारे और कन्या पूजन

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

नोएडा। चैत्र नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर उत्तर प्रदेश का नोएडा शहर पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह माता की चौकियां सजाई गईं और बड़े स्तर पर भंडारों का आयोजन किया गया। सेक्टरों, कॉलोनियों और सोसाइटियों में श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। गुरुवार अष्टमी के दिन कई घरों में पारंपरिक रूप से छोटी-छोटी कन्याओं को आमंत्रित कर उनका पूजन किया गया। उन्हें देवी का स्वरूप मानकर विधिवत पूजा की गई और भोजन प्रसाद व उपहार भेंट किए गए। 

सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्तजन माता के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए। मंदिर परिसर "जय माता दी" के जयकारों से गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। नवरात्र के चलते बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। माता के श्रृंगार की सामग्री, चुनरी, नारियल, फूल-मालाएं और पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। 

इसके साथ ही फल बाजारों में भी अच्छी खासी भीड़ रही। नोएडा फेस-दो स्थित फल मंडी में इस दौरान फलों का कारोबार खासा फलता-फूलता नजर आया। व्यापारियों के अनुसार, चैत्र नवरात्र और ईद के चलते इस बार फलों की मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। मंडी में करीब आठ करोड़ रुपये से अधिक के फलों की बिक्री दर्ज की गई, जिससे व्यापारियों में खासा उत्साह है। फल विक्रेताओं का कहना है कि व्रत और पूजा में फलों की खपत अधिक होने के कारण इस सीजन में कारोबार को बड़ा बढ़ावा मिला है। कुल मिलाकर, नवरात्र और ईद के संयोजन ने इस बार बाजार को नई ऊर्जा दी है।

ये भी पढ़ें  : 
यूपी के जिलों में पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी: अफवाहों का बाजार गर्म, योगी सरकार ने कहा- कोई कमी नहीं

 

 

 

 


 

संबंधित समाचार