लखनऊ : पेट्रोल-डीजल के लिए पम्पों पर लगीं कतारें, अफवाहों का बाजार गर्म
लखनऊ, अमृत विचार : गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच गुरुवार को राजधानी के पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल-डीजल भराने के लिए लंबी कतारें लग गईं। अफवाहों का बाजार गर्म रहा, जिससे दोपहर बाद पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल और डीजल भराने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगह पेट्रोल खत्म हो गया।

टैंकर आने के बाद फिर पेट्रोल-डीजल का वितरण किया गया। कई पेट्रोल पम्पों पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की निगरानी में वितरण कराया गया।
ईरान-इजराइल युद्ध से पेट्रोल-डीजल संकट की संभावना को देखते हुए गुरुवार दोपहर से पेट्रोल पम्प पर लोग बड़ी संख्या में पहुंचने लगे। छुट्टी का दिन होने के कारण देखते-देखते पम्पों पर कतारें लंबी होती गयीं। जिससे पेट्रोल पम्प कर्मचारियों और संचालकों के पसीने छूटने लगे। ग्राहक गाड़ियों का टैंक फुल करवा रहे थे।

स्थिति बिगड़ती देख कई पेट्रोल पम्पों पर लिमिट तय कर दी गई। शहर के अधिकांश पेट्रोल पम्पों पर देर शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं तीनों तेल कंपनियों के राज्य समन्वयक संजय भंडारी ने बताया कि प्रदेश में 20-22 दिनों का पर्याप्त पेट्रोल-डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। नागरिक पैनिक होकर पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें।
ये भी पढ़ें : रामनवमी : PM मोदी ने दी देशवासियों को बधाई, सीएम योगी की अपील- शांति और सौहार्द के साथ मनायें पर्व
