कानपुर : शादी के बाद प्रेमी को बनाया हमसफर, अब चुन ली मौत, जानें क्या है पूरा मामला
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर से एक सनसनीखेज मामला समाने आया है, जहां नौ महीने पहले परिवार ने धूमधाम से शादी कर बेटी को ससुराल के लिए विदा किया, लेकिन ससुराल से भागकर प्रेमी के पास पहुंच गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उसने प्रेमी को हमसफर चुना, मगर इसी बीच तीसरा युवक उसकी जिंदगी में आया और रजिस्टर्ड मैरिज कर ली। प्यार के चक्रव्यूह में फंसी युवती इस तरह उलझी कि आखिर गुरुवार को मौत को गले लगा लिया।
प्यार की यह अजीब दास्तां कल्याणपुर की है। मूलरूप से कानपुर देहात के सिकंदरा कस्बे के विकास नगर निवासी मोहित कटियार ड्राइवर है। मोहित के पिता श्याललाल, छोटा भाई अक्षत और परिवार के अन्य लोग गांव में ही रहते हैं। मोहित के अनुसार 9 माह से वह पनकी-कल्याणपुर रोड पर स्थित गायत्री मंदिर के पास किराए पर कमरा लेकर रहता है। उसके सिकंदरा क्षेत्र के रानीपुर गांव की 21 वर्षीय लक्ष्मी के साथ प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वाले तैयार नहीं थे।
मोहित ने बताया कि लक्ष्मी के परिवार वालों ने बीते साल जुलाई माह में उसकी शादी कर दी थी। लक्ष्मी विदा होकर ससुराल पहुंची, मगर वह वहां नहीं रुकी। ससुराल वालों की नजर से बचकर वह 5 जुलाई को उसके पास आ गई। शादी के बाद दुल्हन के गायब होने पर हल्ला मचा। पता चलने पर परिजनों के साथ नाते-रिश्तेदार उसके पास पहुंचे। लक्ष्मी को ले जाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं जाना चाहती थी। उसकी जिद के आगे पुलिस ने लक्ष्मी को प्रेमी मोहित के साथ भेज दिया। तब से दोनों कल्याणपुर में किराए पर कमरा लेकर साथ रह रहे थे।
मोहित ने बताया कि ड्राइवर होने की वजह से वह गाड़ी लेकर अक्सर बाहर ही रहता था। एक सप्ताह पहले लक्ष्मी के पास गया था। गुरुवार सुबह वह गांव में था। सुबह 9 बजे उसकी लक्ष्मी से फोन पर बात हुई। फिर 11 बजे दोबारा कॉल किया तो फोन नहीं उठा। कई बार कॉल करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उसने मकान में ही रहने वाली दीदी को फोन किया।
उन्होंने जाकर कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई आहट नहीं मिली। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो लक्ष्मी का शव फंदे पर लटक रहा था। सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा। वह भी गांव से एक घंटे में ही कल्याणपुर पहुंच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोहित ने एक युवक के कारण लक्ष्मी के जान देने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस मोहित पर भी संदेह जता रही है।
दुकान मालिक से की थी रजिस्टर्ड मैरिज
प्रेमी मोहित ने बताया कि वह अक्सर गाड़ी लेकर बाहर रहता था, इसलिए लक्ष्मी कल्याणपुर क्रॉसिंग के पास एक फुटवियर की दुकान पर नौकरी करने लगी थी। नौकरी के दौरान वह दुकान मालिक के प्रेमजाल में फंस गई। इसी बीच 25 फरवरी को लक्ष्मी ने दुकान मालिक से रजिस्टर्ड मैरिज कर ली थी। लक्ष्मी ने मोहित को भी यह बात बताई थी, लेकिन सफाई पेश की थी कि उसने दुकान मालिक के दबाव में आकर रजिस्टर्ड मैरिज के कागजात पर हस्ताक्षर किए थे। वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी।
दूसरी जगह नौकरी करने लगी थी लक्ष्मी
मोहित ने बताया कि दुकान मालिक से छुटकारा पाने के लिए लक्ष्मी दूसरी जगह काम करने लगी थी। इसके बाद दुकान मालिक उसे परेशान करने लगा था। बचने के लिए 15 दिन पहले उसने कमरा भी बदल दिया था। लक्ष्मी उससे तलाक लेना चाहती थी। मोहित ने बताया कि उसने खुद इस बारे में दुकान मालिक से बात की थी। वह तलाक देने के लिए राजी होने की बात कहता था, लेकिन आते-जाते पीछा करता था। आशंका है कि उसी से परेशान होकर लक्ष्मी ने यह कदम उठाया।
परिवार वाले बोले- शव लेकर गांव मत आना
मोहित के अनुसार उसने गुरुवार की सुबह जब लक्ष्मी से फोन पर बात की थी, तो वह तनाव में नहीं थी। सामान्य ढंग से बातचीत हुई थी। दो घंटे बाद आत्महत्या की खबर मिली। उसने लक्ष्मी और अपने परिवार वालों को आत्महत्या की सूचना दी, लेकिन सभी लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस आने से इंकार कर दिया और यह भी कहा कि शव लेकर गांव मत आना। जैसा किया है, वैसा भुगतो। कानपुर में ही अंतिम संस्कार कर देना।
मोहित से विवाद के बाद युवती ने यह कदम उठाया है। परिजनों को जानकारी दी गई है। उनके आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मोहित के आरोपों और अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है...आशुतोष कुमार, एसीपी कल्याणपुर।
