बाराबंकी क्राइम न्यूज : पत्नी से अनबन और मुकदमेबाजी से परेशान पति ने की सुसाइड, परिजनों में कोहराम
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी, अमृत विचार: पत्नी से विवाद और मुकदमेबाजी से परेशान युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार शाम निकले युवक का शव जीआईसी के निकट खेत में पेड़ से लटा मिला। इस घटना से परिवार में रोना पिटना मच गया। वहीं पुलिस ने शव उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 26 वर्षीय दुर्गेश कुमार पुत्र राजकुमार निवासी थाना व कस्बा बदोसरांय के रूप में हुई। उसका शव घर से करीब 5 सौ मीटर दूर सोहनलाल के बाग में रस्सी के सहारे एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया।
बुधवार की शाम को दुर्गेश घर अचानक निकल गया था। बताया जा रहा कि मृतक दुर्गेश की शादी करीब चार साल पहले भिटरिया के पास दयारामपुर गांव की एक युवती से हुई थी। दोनों के मध्य अनबन के बाद पत्नी ने दुर्गेश के खिलाफ गुजारा भत्ता का मुकदमा भी दायर कर दिया जो न्यायालय में विचाराधीन है। परिजनों की मानें तो युवक अपनी पत्नी से चल रहे विवाद और मुकदमे के कारण काफी परेशान रहता था। इनके कोई संतान नहीं थी और उसकी पत्नी अपने मायके में रहती है।
मृतक के पिता राजकुमार ने बताया कि दुर्गेश एक दिन पूर्व शाम को कहीं चला गया, वह काफी देर तक घर वापस नहीं आया, तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। इस सम्बन्ध में बदोसरांय कोतवाली प्रभारी अजीत कुमार विद्यार्थी ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
गोहत्या प्रकरण में मास्टरमाइंड समेत छह गए जेल
मसौली थाना क्षेत्र में नौ दिन पहले दो गोवंशियों की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस तरह मुठभेड़ में धरे गए एक शातिर समेत कुल छह लोग दबोचे जा चुके हैं। बताते चलें कि गत 16 मार्च की रात में थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर निवासी राकेश यादव की दो गायों के अवशेष दूसरे दिन खेत में पड़े मिले थे। स्पष्ट हो गया कि इनकी निर्मम हत्या की गई थी।
लापरवाही बरतने पर एसपी ने हल्का दरोगा व एक सिपाही को निलंबित भी कर दिया था। पशुपालक राकेश यादव की तहरीर पर मामला दर्ज करने के बाद कार्रवाई का दबाव पड़ते ही सक्रिय हुई पुलिस ने एक शख्स को दबोच लिया। वहीं घटना के मास्टरमाइंड उस्मान उर्फ कलेजी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस बाकी साथियों की तलाश में ही थी कि गुरुवार को गौवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में सगे भाई अनीश उर्फ कालिया, अब्दुल हसीम उर्फ बौनिया पुत्र हजारी निवासी ग्राम जमालपुर, सलमान पुत्र नूर मोहम्मद निवासी मझुआ बनकट मजरे धरौली थाना मसौली, गुलाम शाकिर उर्फ सलमान पुत्र मो0 अख्तर निवासी बूचड़ मोहाल सदर थाना कैन्ट लखनऊ को नर्सरी चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष अजय त्रिपाठी ने बताया कि कुल छह अभियुक्त जेल भेजे जा चुके हैं।
