बाराबंकी : पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने से अफरातफरी, जानिए क्या बोला प्रशासन
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाह फैलते ही गुरुवार को हालात अचानक बिगड़ गए। विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे कई स्थानों पर ईंधन की अस्थायी कमी और अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, अवध पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल पूरी तरह समाप्त हो गया। वहीं उदय पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म हो जाने के कारण केवल पेट्रोल ही उपलब्ध रहा, जिसे भी अधिकतम 500 रुपये तक सीमित कर दिया गया।
दूसरी ओर श्री महादेवा फीलिंग स्टेशन पर आपूर्ति जारी रहने से वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी और लंबी कतारें लग गईं। रिलायंस पेट्रोल पंप पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था लागू करनी पड़ी। यहां बाइक सवारों को केवल 100 रुपये और कार चालकों को 500 रुपये तक ही पेट्रोल दिया गया, जबकि ट्रकों के लिए 50 लीटर की सीमा तय की गई। अचानक बढ़ी मांग के चलते कई जगह मशीनें भी बंद करनी पड़ीं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि ईंधन की वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन बाजार में फैली अफवाह के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने पहुंच रहे हैं, जिससे अस्थायी संकट जैसी स्थिति बन गई है। इधर प्रशासन द्वारा कुछ स्थानों पर कैन में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाए जाने से किसानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। खेतों में चल रहे कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कई किसान बिना ईंधन लिए वापस लौटने को मजबूर हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 3326 किलोलीटर डीजल और 2221 किलोलीटर पेट्रोल मौजूद है। हालांकि अग्रिम धनराशि जमा न होने के कारण पांच पेट्रोल पंपों पर स्टॉक नहीं पहुंच सका है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें, ताकि व्यवस्था सामान्य बनी रहे।
