नव निमार्ण नहीं, विध्वंस के रहे सरकार के नौ वर्ष: अजय राय
लोकार्पण कराए गए ग्रीन कारीडोर की अगले दिन धंस गई सड़क, भूमि विकास बैंक कर रहीं किसानों से सूदखोर जैसा व्यवहार
लखनऊ, अमृत विचार: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार के नौ साल पूरे होने पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार के नौ साल नव निमार्ण के नहीं, बल्कि विध्वंस के हैं। 15 मार्च को 1519 करोड़ की लागत से बने लखनऊ ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण होता है। लेकिन अगले ही दिन वह सड़क धंस जाती है। आगरा समेत प्रदेश भर की भूमि विकास बैंक किसानों से सूदखोर जैसे व्यवहार कर रही हैं। आलू किसान आत्महत्या करने की मजबूर हो रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर पत्रकार वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कल सरकार के मुखिया बीते नौ वर्ष की उपलब्धियों का ढिंढोरा पीट रहे थे। यह बातें पूरी तरह से झूठी हैं। सूदखोरों का एक ऐसा मकड़जाल इस प्रदेश में फैला है। फतेहपुर के एक परिवार ने 5 लाख रुपये सूद पर लिए थे। बदले में 27 लाख 50 हजार देने के बाद भी तकादा जारी था। उत्पीड़न से परेशान परिवार ने आत्महत्या कर ली।
उन्होंने कहा कि रोजगार सेवक जिसने एसआईआर में दिन रात काम किया। लेकिन उसे मानदेय नहीं मिला। इसके कारण आत्महत्या कर ली। आरोप लगाया कि बदायूं के एचपीसीएल प्लांट में भाजपा के एक विधायक के गुर्गे द्वारा दो अधिकारियों की हत्या कर दी गई। काशी मणिकर्णिका घाट पर लगी महारानी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर विरासत की हत्या कर दी गई। आगरा समेत प्रदेश भर के सभी आलू किसान परेशान हैं। एक क्विंटल बुवाई की लागत 1200-1500 है,लेकिन दाम 200-300 रुपये प्रति क्विंटल ही मिल रहा है। इस दौरान आगरा के किसानों ने भूमि विकास बैंक द्वारा किए जा रहे अपने उत्पीड़न की कहानी बताई। इस दौरान डॉ. सीपी राय, मनीष हिंदवी, अंशू अवस्थी, डॉ. उमा शंकर पांडेय, सचिन रावत, आगरा जिला अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार आदि मौजूद रहे।
