लखनऊ मेट्रो का विस्तार जून से पकड़ेगा रफ्तार: अप्रैल में पूरी होगी टेंडर प्रक्रिया, इन रूटों पर मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
लखनऊ, अमृत विचारः लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण (फेज-2) का निर्माण कार्य जून में शुरू हो जाएगा। मेट्रो कॉरपोरेशन के जन संपर्क अधिकारी पंचानन मिश्रा ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया अप्रैल मध्य तक पूरी कर ली जाएगी। पुराने लखनऊ में मेट्रो का रूट अमीनाबाद जैसे व्यस्त इलाके से होकर गुजरेगा। तय रूट के अनुसार, फेज-2 में चारबाग से वसंत कुंज तक कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे शहर के बीचों-बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। फिलहाल मेट्रो का संचालन एयरपोर्ट से मुंशीपुलिया तक 22.87 किमी लंबे रूट पर हो रहा है।
दूसरे चरण में 11.165 किमी का नया कॉरिडोर जुड़ने के बाद कुल नेटवर्क लगभग 34 किमी तक पहुंच जाएगा। इससे यात्रियों को एक छोर से दूसरे छोर तक बिना बदले सफर करने की सुविधा मिलेगी। फेज-2 पूरा होते ही लखनऊ देश के प्रमुख मेट्रो नेटवर्क वाले शहरों में शामिल हो जाएगा। लगभग 34 किमी नेटवर्क के साथ शहर का स्थान देश में 9वें नंबर पर पहुंचने की संभावना है। साथ ही प्रदेश में यह सबसे लंबा मेट्रो नेटवर्क बन जाएगा, जो कानपुर और आगरा से काफी आगे होगा।
ट्रैफिक दबाव में आएगी कमी
मेट्रो विस्तार से शहर के सड़क यातायात पर सकारात्मक असर पड़ेगा। एयरपोर्ट, चारबाग और वसंत कुंज के जुड़ने से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों का समय बचेगा और जाम की समस्या में भी कमी आएगी।
आगे फेज-3 की तैयारी संभव
अधिकारियों के अनुसार, फेज-2 के पूरा होने के बाद फेज-3 की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। बढ़ते नेटवर्क के साथ ऑपरेशन, मेंटेनेंस और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।
ये भी पढ़ें :
फसल नुकसान की अब नो टेंशन! जानकारी देंगें जिलों में तैनात सीएम योगी के अधिकारी, टोल फ्री नंबर हुआ जारी
