बरेली : धार्मिक स्थलों पर कार्यों की प्रगति से कमिश्नर नाराज, जांच के दिए आदेश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

एसडीएम सदर और एसडीएम बहेड़ी से जांच कर आख्या भेजने के निर्देश दिए

बरेली, अमृत विचार: पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। हाल ही में पर्यटन विकास विभाग की ओर से धार्मिक स्थलों पर कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने समीक्षा की थी।

इस दौरान भोजीपुरा के दाऊजी प्राचीन शिव मंदिर और बहेड़ी के नानकपुरी गुरुद्वारे में कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई। कमिश्नर ने पर्यटन विभाग की दोनों निर्माण परियोजनाओं की स्थलीय जांच कराने के लिए आदेश जारी किए हैं।

कमिश्नर ने एसडीएम सदर और एसडीएम बहेड़ी को निर्देश दिए हैं कि परियोजनाओं के लिए स्वीकृत डीपीआर, आगणन के सापेक्ष इन निर्माण कार्यों की स्थलीय जांच कर आख्या कार्यालय को उपलब्ध कराएं। कमिश्नर की ओर से एसडीएम सदर और एसडीएम बहेड़ी को भेजी चिट्ठी में बताया है कि उन्होंने 12 मार्च को आयोजित सेक्टरवार समीक्षा बैठक में पर्यटन विभाग के कार्यों की समीक्षा की थी।

निर्माण कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर कमिश्नर ने पर्यटन विभाग की भोजीपुरा ब्लॉक क्षेत्र के सेमाखेड़ा स्थित दाऊजी प्राचीन शिव मंदिर का विकास और तहसील बहेड़ी में स्थित नानकपुरी गुरुद्वारे के नवीनीकरण के लिए कराए जा रहे निर्माण कार्य की स्थलीय जांच कराने का निर्णय लिया।

इधर बता दें कि पर्यटन विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने बहेड़ी के नानकपुरी गुरुद्वारे के नवीनीकरण के लिए कुल 288 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी। इसमें 150 लाख रुपये जारी हो चुके हैं।निर्माण कार्य पर 125 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इसमें 90 प्रतिशत कार्य होने की बात कही गयी है। इसके साथ ही दाऊजी प्राचीन शिव मंदिर में पर्यटन विकास के लिए शासन ने 70.94 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। इसमें से 54.48 लाख जारी हो चुके हैं। 35 लाख रुपये खर्च कर 45 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। 28 फरवरी को माहभर की प्रगति रिपोर्ट जारी होने के दौरान उपरोक्त स्थिति मालूम हुई। इसके बाद 12 मार्च को कमिश्नर ने समीक्षा की थी। मार्च माह की प्रगति रिपोर्ट अंतिम सप्ताह में जारी होने की बात सामने आई है।

संबंधित समाचार