बरेली पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, भारी फोर्स लेकर पहुंचे एसएसपी
पासपोर्ट ऑफिस की मेल पर आया धमकी भरा संदेश, अफरातफरी के बीच खाली कराया गया कार्यालय
अमृत विचार, बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब यहां पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली। आनन-फानन में अधिकारी और कर्मचारी ऑफिस खाली करके बाहर आ गए। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड के साथ यहां तलाशी अभियान चल रहा है। पुलिस द्वारा रामपुर के एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी बात सामने आ रही है।

घटनाक्रम शुक्रवार का है। ऑफिस की आधिकारिक ईमेल आईडी पर करीब 11:15 बजे के आसपास एक धमकी भरा ई-मेल पहुंचा। इसमें ऑफिस को बम से उड़ाने का संदेश था।
पासपोर्ट ऑफिस के अधिकारियों ने फौरन ही पुलिस-प्रशासन को सूचित किया। एसएसपी अनुराग आर्य भारी पुलिस फोर्स लेकर प्रिदर्शनी नगर स्थित पासपोर्ट ऑफिस पहुंचे। कार्यालय को खाली कराकर यहां जांच की जा रही है।
उधर, पासपोर्ट के लिए पहुंचे आवेदकों में भी खौफ देखा गया। दहशत के बीच कई लोग वहां से निकल गए हैं। हालांकि पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी हैं और आसपास से एहतियातन भीड़ हटा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल का सोर्स पता किया जा रहा है। साइबर टीमें भी जांच में लगी है। अधिकारियों के मुताबिक जांच जारी है और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने एक संदिग्ध पकड़ा है, जो रामपुर का बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : फेफड़ों के कैंसर के 40 फीसदी मरीजों ने नहीं किया धूम्रपान, राष्ट्रीय जांच कार्यक्रम बनाए सरकार
