बरेली में फर्जी आधार, आयुष्मान कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाली गैंग का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

भुता/बरेली, अमृत विचार। पुलिस ने इंटेलिजेंस व एसओजी की संयुक्त सूचना पर फर्जी आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक और एक अपचारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, स्कैनर, फिंगरप्रिंट डिवाइस, प्रिंटर, मोबाइल फोन, आईडी और अधूरे बने दस्तावेज बरामद किए हैं।

गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम लाड़पुर मुड़िया रोड स्थित एक ट्यूबवेल के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी शाहिद, निवासी मोहल्ला ऊंचा कस्बा फरीदपुर, ने बताया कि वह पहले इंडियन ओवरसीज बैंक के लोकवाणी केंद्र में काम करता था, लेकिन गलत गतिविधियों के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद उसका संपर्क कोलकाता निवासी शमीम अख्तर से हुआ, जिसने उसे ऑनलाइन आईडी उपलब्ध कराई।

आरोपी ने बताया कि वह व्हाट्सएप के जरिए फिंगरप्रिंट मंगवाकर रबर फिंगरप्रिंट तैयार कराता था और उसी के माध्यम से अन्य लोगों की आईडी खोलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। इस कार्य में धोरेरा गजरौला निवासी नवीन की भी भूमिका सामने आई है। अपचारी ने भी लालच में आकर इस काम में शामिल होने की बात कबूल की है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार युवक और अपचारी को जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

फर्जी कागज तैयार कर बैनामा कराने में गिरफ्तार अधिवक्ता को मिली जमानत

बहेड़ी,अमृत विचार : अधिवक्ता दिनेश सूर्य को अदालत से ज़मानत मिल गई। पुलिस ने बुधवार की शाम अधिवक्ता को गिरफ्तार किया था। हालांकि कल उनकी गिरफ्तारी की खबर लगते ही तमाम वकील कोतवाली पहुंचे थे,लेकिन उनकी किसी पुलिस अधिकारी से बात ही नहीं हो पाई थी।

गांव नौगवां के सेवा राम ने बहेड़ी के वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश सूर्य पर फर्ज़ी कागज़ात तैयार कर रश्मि सिंह को गुमराह कर उनसे बैनामा करा लेने का आरोप लगाया था, जिस पर 6 मार्च को बहेड़ी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने इस मामले में अधिवक्ता पर कई धाराओं में केस दर्ज किया था।

पुलिस ने इस मामले में 25 मार्च की शाम आरोपी अधिवक्ता को गिरफ्तार कर लिया था। वकील की गिरफ़्तारी की खबर लगते ही देर शाम को ही कई वकील कोतवाली पहुंच गए थे, लेकिन उनकी किसी पुलिस अधिकारी से बात नहीं हो पाई, जिसके चलते वकीलों को बैरंग वापस आना पड़ा।

पुलिस ने गुरुवार को अधिवक्ता दिनेश सूर्य को सिविल जज (जूनियर डिवीज़न ) की अदालत में पेश किया। अदालत में आरोपी के अधिवक्ता कृष्ण अवतार शर्मा और मनोज जौहरी ने पुलिस की विवेचना पर तमाम सवाल खडे किए।अदालत ने विवेचक को तमाम बिंदुओं पर जवाब देने के लिए समय देते हुए आरोपी अधिवक्ता को जमानत दे दी है।

संबंधित समाचार