प्रदेश में SIR के लंबित दावों की 99.70 फीसदी सुनवाई पूरी, 10 अप्रैल को प्रकाशित की जाएगी अंतिम मतदाता सूची
27 मार्च तक पूरी हो जाएगी आवेदनों पर लंबित दावों की सुनवाई
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश भर में मतदाता सूची को लेकर एसआईआर के तहत 99.70 फीसदी दावों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष जो भी दावे बचे हैं, उनके लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया है कि वह 27 मार्च तक सुनवाई कर उनका निस्तारण कर दें। 10 अप्रैल को फाइनल मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, यदि किसी कारणवश नाम मतदाता सूची में छूट गया है, तो वह फॉर्म-6 भरकर स्वयं को मतदाता के रूप में पंजीकृत करा सकते हैं। 10 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद सभी लोग अपना नाम अवश्य जांच लें। मतदाता सूची अब डिजिटल माध्यमों पर आसानी से उपलब्ध है, जिसे मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से देखा जा सकता है। यदि किसी मतदाता के नाम, आयु, फोटो या अन्य विवरण में त्रुटि हो, तो उसे फॉर्म-8 के माध्यम से ठीक कराया जा सकता है।
पहचान पत्र मिलेगा 15 दिनों के अंदर
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, अब नए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल होने के 15 दिनों के भीतर ही मतदाता पहचान पत्र डाक के माध्यम से उनके पते पर भेज दिए जाएंगे। नागरिकों से कहा गया है कि आवेदन करते समय अपना नाम हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों में सही दर्ज करें तथा पूरा पता व पिन कोड स्पष्ट रूप से भरें, जिससे किसी प्रकार की त्रुटि या विलंब न हो।
छह मार्च के बाद मिले आवेदन भी जुड़ेंगे सूची में
मतदाता सूची को लेकर एसआईआर का कार्य 6 मार्च तक ही होना था। लेकिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जो लोग छह मार्च तक नाम बढ़ाने के लिए आवेदन नहीं दे पाए हैं, वह परेशान न हों। 6 मार्च के बाद जो भी आवेदन प्राप्त होंगे, उनके नामों को भी परीक्षण के बाद मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
