मथुरा में ईद के दिन खौफनाक हादसा: 'फरसा वाले बाबा' की गौ-तस्करों से कथित टक्कर में मौत, हाईवे पर उग्र भीड़ ने मचाया हंगामा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मथुरा: कान्हा की नगरी मथुरा में ईद के मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। क्षेत्र में 'फरसा वाले बाबा' के नाम से प्रसिद्ध गौ-रक्षक चंद्रशेखर की मौत ने पूरे इलाके को हिला दिया है। आरोप है कि गौ-तस्करों ने उन्हें अपनी गाड़ी से कुचलकर मार डाला।

जानकारी के मुताबिक, थाना कोसीकलां के कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास बाबा चंद्रशेखर अपनी टीम के साथ बाइक पर गौ-तस्करी कर रहे एक ट्रक का पीछा कर रहे थे। तस्करों ने कथित तौर पर रफ्तार बढ़ाकर बाबा की बाइक पर ट्रक चढ़ा दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह घटना बीती रात हुई, जिसके बाद क्षेत्र में गुस्सा भड़क उठा।

बाबा चंद्रशेखर अंजनोख गांव के निवासी थे और अपनी निडरता व गौ-रक्षा के लिए ब्रज में काफी लोकप्रिय थे। उनकी मौत की खबर फैलते ही हजारों गौ-भक्त और ग्रामीण उनके पार्थिव शरीर को देखने गोशाला पहुंचे। हिंदू संगठनों और गौ-सेवकों में भारी आक्रोश है।

आक्रोशित भीड़ ने आगरा-दिल्ली हाईवे जाम कर दिया और पथराव शुरू कर दिया। पथराव इतना उग्र था कि एसडीएम, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, एडीएम प्रशासन और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं—शिशे टूटे, खिड़कियां चकनाचूर। पुलिस पर हमले के दौरान भगदड़ मची और स्थिति बेकाबू हो गई। काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन भीड़ के आगे पुलिस को पीछे हटना पड़ा।

पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और बरसाना जाने वाले सभी रास्तों पर सघन नाकाबंदी कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।

यह घटना ईद के दिन होने से संवेदनशीलता बढ़ गई है। स्थानीय लोग शोक में डूबे हैं, जबकि हाईवे पर आवाजाही प्रभावित हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि मौत हादसा थी या सुनियोजित हत्या।

संबंधित समाचार