प्रयागराज : गंगा नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत, परिजनों में कोहराम
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बामपुर गांव के पास शुक्रवार की सुबह गंगा नदी में नहाते समय चार बच्चों के डूबने से मृत्यु हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि यह घटना जिले के यमुना नगर के मांडा थाना क्षेत्र की है, जब आज सुबह करीब 10 बजे बामपुर गांव के चार बच्चे पास ही गंगा नदी में नहाने गए थे और नहाते समय चारों डूब गए।
उन्होंने बताया कि सभी चारों बच्चों का शव बरामद कर लिया गया है। इनकी पहचान कुणाल (12), दीपक (17), निहाल (10) और कमलेश (10) के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
