Bareilly : नौकरी की ललक में पहुंचे 32 सौ युवा...1477 के चमके सितारे

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सेवायोजन कार्यालय ने शुक्रवार को बरेली कॉलेज के हॉकी मैदान पर वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया। मेले में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं की रोजगार पाने की बैचेनी साफ देखने को मिली। रोजगार पाने के लिए केवल 12वीं पास ही नहीं, बल्कि बीटेक, एमबीए और एमटेकयुवा भी साधारण नौकरियों के लिए कतार में खड़े नजर आए। नौकरी के लिए 32 सौ युवाओं ने अपना पंजीकरण कराया था, जिसमें से 1477 के सितारे चमके।

बरेली कॉलेज हॉकी मैदान पर आयोजित रोजगार मेले में 77 कंपनियां बुलायी गईं लेकिन इसमें 55 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने मार्केटिंग, सेल्स, टेक्निकल और सर्विस सेक्टर से जुड़े पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। मेले में कुल 3245 युवाओं ने किस्मत आजमाई। इसमें से कुल 1477 युवाओं का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ। बारिश के बावजूद अभ्यर्थी डटे रहे और चयन प्रक्रिया जारी रही।

मेले में पहुंचे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। ये रोजगार मेले युवाओं और कंपनियों के बीच बेहतर मंच प्रदान करते हैं। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि सरकार युवाओं को अपना रोजगार करने के लिए बिना ब्याज के लोन दे रही है और रोजगार के लिए रोजगार मेले भी लगवा रही हैं। युवाओं को रोजगार लेने वाले की जगह रोजगार देने वाला बनना चाहिए। विधान परिषद सदस्य महाराज सिंह ने भी रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी। चयनित अभ्यर्थियों को मेले में आए अतिथियों ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। मेले में बड़ी संख्या में युवतियों की भी भागीदारी रही। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के रोजगार मेलों का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ना है। इस अवसर पर सेवायोजन के सहायक निदेशक गौतम घोष, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना,अनप दुबे आदि मौजूद रहे।

बीटेक और एमटेक डिग्रीधारक भी पहुंचे नौकरी मांगने
बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित अभ्यर्थी अपेक्षाकृत कम योग्यता वाली नौकरियों के लिए आवेदन करते दिखे। बीटेक और एमटेक डिग्रीधारकों का सेल्स, सुपरवाइजर और कस्टमर केयर जैसी नौकरियों के लिए आवेदन करना बेरोजगारी की गंभीर स्थिति को उजागर करता है। युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में रोजगार मेलों की उपयोगिता तो बढ़ रही है, लेकिन साथ ही रोजगार के स्तर और गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। रोजगार मेले में उमड़ी भीड़ और उच्च शिक्षित युवाओं की भागीदारी यह साफ संकेत देती है कि रोजगार की चुनौती अब केवल कम पढ़े-लिखे युवाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह हर वर्ग को प्रभावित कर रही है।

एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने दिया अपना परिचय
सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित रोजगार मेले में मंच का संचालन बरेली कॉलेज की सहायक प्रो. अजिता सिंह तिवारी ने किया। मेले में विधान परिषद सदस्य महाराज सिंह और वन पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार मंच पर उपस्थित थे। संचालिका विधान परिषद सदस्य महाराज सिंह का स्वागत करने के लिए परिचय कराती हुई बोली कि हम मंच पर सांसद संतोष... अरुण कुमार, विधान परिषद के सदस्य। इसके बाद विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने संचालिका को अपने पास बुलाकर परिचय दिया। उसके बाद फिर संचालिका ने सही परिचय देते हुए स्वागत किया।

 

संबंधित समाचार