Ayodhya Premier League: गंगा को हराकर गोमती का चैम्पियन्स ट्रॉफी पर कब्जा, मैन-ऑफ-द मैच रहे ये खिलाड़ी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या प्रीमियर लीग (एपीएल) टी-20 के फाइनल मुकाबले में गंगा वॉरियर्स को 45 रनों से पराजित कर गोमती थंडर टीम ने खिताब के साथ चैम्पियन्स ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। मुख्य अतिथि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी ज्ञानेन्द्र पांडेय ने विजेता गोमती थंडर व उपविजेता गंगा वॉरियर्स टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार राशि का चेक और खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। प्रतियोगिता में गोमती टीम के प्रियांशु मैन-ऑफ-द-सिरीज और रितिक फाइनल के मैन-ऑफ-द-मैच रहे।

डाभासेमर के डॉ. आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल स्थित स्टेडियम में शुक्रवार को एपीएल टी-20 का फाइनल मुकाबला गोमती थंडर व गंगा वॉरियर्स टीमों के बीच खेला गया। अचानक मौसम खराब होने के कारण मुकाबला 14 ओवरों का हुआ। टॉस जीत कर गोमती थंडर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 160 रन बनाये। प्रियांशु ने चार छक्के व छह चौके की मदद से 59, स्वास्तिक ने तीन छक्के व तीन चौके की मदद से 23 रनों का योगदान दिया। गंगा टीम के ध्रुव ने दो, विशाल, सौरभ, शोएब, उत्कर्ष, बादल ने एक-एक विकेट लिया। 

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी गंगा वॉरियर्स टीम महज 2.5 ओवरों में सभी विकेट खोकर 115 रनों पर सिमट गई। ध्रुव ने पांच छक्के व छह चौके की मदद से 39, सौरभ 21 रनों का सहयोग दिया। गोमती के रितिक ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए और मैन-ऑफ-द मैच रहे। अनमोल, स्वास्तिक आतिफ ने दो-दो विकेट लिये। इस मौके पर आयोजन उपाध्यक्ष वैभव श्रीवास्तव, सचिव उमेर अहमद, संयुक्त सचिव बाल किशन निषाद, आरएसओ अनिमेष सक्सेना, जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विनय मनूचा सहित भारी संख्या में खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

ये भी पढ़ें : 
IPL Opening Ceremony : Fully Action-Packed होगा लीग का पहला मुकाबला, जानें टाइमिंग और शेड्यूल 

 

 

संबंधित समाचार