थर्मैक्स की अनुषंगी कंपनी को 1,600 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर, 800 MW अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट के लिए बॉयलर सप्लाई
नई दिल्लीः ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी थर्मैक्स की अनुषंगी थर्मैक्स बैबकॉक एंड विल्कॉक्स एनर्जी सॉल्यूशंस (टीबीडब्ल्यूएस) ने एक अत्याधुनिक तापीय विद्युत परियोजना के लिए लगभग 1,600 करोड़ रुपये के बॉयलर पैकेज आपूर्ति का ऑर्डर हासिल किया है। कंपनी के अनुसार, यह ऑर्डर भारत की एक प्रमुख तापीय ऊर्जा परियोजना कंपनी से 800 मेगावाट के संयंत्र के लिए मिला है। बयान में कहा गया है कि ऑर्डर के तहत बॉयलर का निर्माण, आपूर्ति, चालू करना और प्रदर्शन परीक्षण शामिल है।
थर्मैक्स के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष भंडारी ने कहा, "यह ऑर्डर थर्मैक्स के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता है और बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं को संभालने में हमारी क्षमताओं को और मजबूत करता है। हम अपने ग्राहक का थर्मैक्स पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद देते हैं और इस परियोजना को तेजी से और सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए तत्पर हैं।"
