बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर धुरंधर: द रिवेंज के दीवाने हुए करन जौहर, आदित्य धर को बताया बेहतरीन फिल्मकार  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। करण जौहर ने निर्देशक आदित्य धर को "बेहद शानदार फिल्म निर्माता" बताते हुए उनकी नयी फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की प्रशंसा की। यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज हुई और यह धर की 2025 में आई फिल्म 'धुरंधर' की अगली कड़ी है। रणवीर सिंह अभिनीत यह फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों से एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। जौहर ने शुक्रवार को 'इंस्टाग्राम' पर फिल्म का पोस्टर साझा किया और इसे देखने का अपना अनुभव विस्तार से बताया। 

उन्होंने लिखा, "जसकीरत की दिल दहला देने वाली पृष्ठभूमि...मातृभूमि के लिए दिए गए उसके दर्दनाक बलिदान .यहां तक कि खलनायक को भी मानवीय और बहुस्तरीय ढंग से गढ़ना..…. बेमिसाल...साउंडस्केप और पूरी सिनेमाई प्रस्तुति—ये सब आदित्य धर की प्रतिभा और निर्देशन पर उनकी मजबूत पकड़ का प्रमाण हैं।… वह वाकई एक अद्भुत और बेहतरीन फिल्मकार हैं…... उन्होंने न सिर्फ मुख्यधारा सिनेमा का स्तर ऊंचा किया है, बल्कि एक नया मानदंड भी स्थापित किया है…... यह नया डायरेक्टर है।'' 

जौहर ने फिल्म में रणवीर सिंह के अभिनय की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़के घुसेगा भी और हर रिकॉर्ड मारेगा भी। और और और… रणवीर सिंह तू क्या है यार?! यह तुम्हारे करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ काम है। तुम्हारा हर आंसू, हर खामोश नजर, और हर बार वह बेखौफ अंदाज में चलना तुमने साबित कर दिया कि तुम महान कलाकारों में से एक हो। तुम आज भी और हमेशा एक बेहतरीन काबिलियत वाले कलाकार रहोगे।" जौहर ने कहा, "सच में एक 'धुरंधर' फिल्म स्टार। 

यह फिल्म देखकर मैं 70 के दशक के उन दिनों में लौट गया, जब सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में शुद्ध और दमदार हिंदी सिनेमा देखा करता था… और संतुष्टि के साथ बाहर निकलकर इस दुनिया का हिस्सा बनने के सपने देखा करता था। आज मैं इसी फिल्मी बिरादरी का हिस्सा हूं, और 'धुरंधर' ने मुझे एक बार फिर याद दिलाया कि यहां होना मेरे लिए कितना गर्व और कृतज्ञता का विषय है।''…

फिल्म में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी हैं, जो अपने-अपने किरदारों को फिर से जीवंत करते हैं। फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे और लोकेश धर ने किया है, और इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है।

आशीष विद्यार्थी ने 'धुरंधर: द रिवेंज' के निर्देशन के लिए आदित्य धर की प्रशंसा की 

अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने 'धुरंधर: द रिवेंज' के निर्देशक आदित्य धर की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उन्होंने अपनी इस फिल्म के जरिए फिल्म निर्माण को एक नये स्तर पर पहुंचा दिया है। 'द्रोहकाल', 'सोल्जर', 'हैदर', 'रहस्य' और 'गिल्ली' जैसी फिल्मों के अभिनेता विद्यार्थी शुक्रवार को दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफडी) में शामिल हुए जहां उनसे इस फिल्म के बारे में सवाल किया गया। 

'द्रोहकाल' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार के सम्मानित विद्यार्थी ने कहा, ''फिल्म शानदार कारोबार कर रही है और अहम बात यह है कि 'धुरंधर' ने फिल्म निर्माण को एक नये स्तर पर पहुंचा दिया है। मैं कहूंगा कि यह जश्न मनाने वाली बात है। मेरे लिए इससे भी ज्यादा प्रेरणा देने वाली बात यह है कि इतने सालों तक लगातार लगे रहकर आदित्य धर इस मुकाम तक पहुंचे हैं, इसलिए उन्हें सलाम। कमाल कर दिया।'' 

उन्होंने कहा, ''मैंने यह फिल्म देखी नहीं है। सच कहूं तो मैं फिल्में नहीं देखता।'' धर की 2025 में आई फिल्म 'धुरंधर' के सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' में रणवीर सिंह मुख्य अभिनेता हैं। 19 मार्च को रिलीज हुई यह फिल्म दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। 

इस फिल्म में आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी ने भी अहम किरदार निभाए हैं। आईएफएफडी 2026 में राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न स्थलों पर 47 देशों की 140 फिल्म प्रदर्शित की जाएंगी। इस महोत्सव का उद्घाटन 25 मार्च को भारत मंडपम में हुआ था और इसका समापन 31 मार्च को होगा। 

 

 

ये भी पढ़ें :  
जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन में शामिल होने आये बोनी कपूर, बोले- कार्यक्रम में शामिल होकर खुश, जल्द आकार लेगी इंटरनेशनल फिल्म सिटी

संबंधित समाचार