अमित शाह ने TMC सरकार के खिलाफ जारी किया 'आरोपपत्र', कहा- बंगाल चुनाव देश की सुरक्षा के लिए अहम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक ''आरोपपत्र'' जारी किया तथा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देश की सुरक्षा के लिए अहम बताते हुए भाजपा के प्रचार अभियान को और तेज कर दिया। शाह ने राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि इसके 15 साल के शासन के दौरान बंगाल देश के लिए ''घुसपैठ, तुष्टीकरण की राजनीति और सीमा पर असुरक्षा का मुख्य गलियारा'' बन गया है।

गृह मंत्री ने यहां कहा, ''बंगाल चुनाव न केवल राज्य के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। एक तरह से, देश की सुरक्षा बंगाल चुनाव से जुड़ी हुई है।'' असम में भाजपा के सत्ता में आने के बाद घुसपैठ के रास्ते ''बंद'' हो जाने का दावा करते हुए शाह ने कहा कि अब घुसपैठ के लिए पश्चिम बंगाल ही ''एकमात्र बचा हुआ रास्ता'' है। भाजपा नेता ने इस मुद्दे को तृणमूल कांग्रेस की ''तुष्टीकरण और वोट-बैंक की राजनीति'' से जोड़ा, तथा राज्य सरकार पर सीमा प्रबंधन को मजबूत करने के प्रयासों में बाधा डालने का आरोप लगाया।

शाह ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने केंद्र के बार-बार अनुरोध के बावजूद सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराई और यह इनकार ''राजनीति से प्रेरित'' था। उन्होंने कहा, "तृणमूल सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराई है, क्योंकि वे घुसपैठियों का वोट-बैंक बनाना चाहते हैं।" 

संबंधित समाचार