अबू धाबी में मिसाइल अटैक, मलबे की चपेट में आने से पांच भारतीय घायल, भारतीय दूतावास ने जताया शोक
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की वायु रक्षा प्रणाली द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को उसके लक्ष्य पर पहुंचने से पहले मार गिराए जाने के बाद 'खलीफा इकोनॉमिक जोंस अबू धाबी' के आसपास उसका मलबा गिरने से पांच भारतीय घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने शनिवार को यह खबर दी। अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि प्राधिकारियों ने इस घटना में पांच भारतीय नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की है।
कार्यालय ने कहा, ''संबंधित प्राधिकारी जनता से अपील करते हैं कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार से बचें।'' इससे पहले उसने खबर दी थी कि अधिकारी 'खलीफा इकोनॉमिक जोंस अबू धाबी' के आसपास आग लगने की उन दो घटनाओं पर कार्रवाई कर रहे हैं जो वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने के बाद मलबा गिरने से हुईं।
इससे पहले बृहस्पतिवार को यूएई की हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा रोकी गई मिसाइलों का मलबा अबू धाबी की एक सड़क पर गिरने के बाद उसकी चपेट में आने से एक भारतीय समेत कम से कम दो लोगों की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे।
अबू धाबी मीडिया कार्यालय ने बताया था कि इस घटना में मारा गया दूसरा व्यक्ति पाकिस्तानी नागरिक था जबकि तीन अन्य घायलों में भी एक भारतीय शामिल है। यूएई में भारतीय दूतावास ने इस घटना में भारतीय नागरिक की मौत होने पर ''गहरी संवेदना'' व्यक्त की। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''दूतावास हरसंभव सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने के लिए यूएई अधिकारियों के साथ निकट समन्वय बनाए हुए है।'
