Bareilly : गाली दी थी...इसलिए चाकू से गोदकर शिवा को मार डाला, तीन हत्यारे दोस्त गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। इंटर के छात्र शिवा की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि शिवा ने गाली देते हुए सिर में कड़ा मारकर घायल कर दिया था। इससे नाराज गौरव ने साथियों की मदद से शिवा की हत्या करने की योजना बनाई और घर से बुलाकर ले जाकर चाकू से गोद दिया। पुलिस ने चाकू बरामद कर लिया।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के अशोक बिहार कॉलोनी निवासी इंटर के छात्र शिवा पटेल को शुक्रवार की शाम को उसके दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद चाकू से कई वार कर फरार हो गए थे। घायल शिवा को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई थी।
शिवा के पिता केहरी सिंह की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने पांच नामजद समेत तीन अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की। रविवार को पुलिस ने विलय धाम पुल के पास से गौरव, पारस, और रचित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर इज्जतनगर बिजेन्द्र सिंह ने बताया कि छात्र की हत्या के मामले में चोरों आरोपियों को गिरफ्तार कर चाकू भी बरामद किया गया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।
इंसेट
गाली देने पर हुआ था विवाद, कर दी हत्या
मुख्य आरोपी गौरव ने बताया कि 27 मार्च को शिवा पटेल ने घर आते समय रास्ते में उसे गाली दी थी। इसके बाद उसने अपने साथी पारस, रचित और कृष्णा को फोन कर बुलाया। मानव को शिवा के घर भेजकर उसे बुलाया और चार खंभा रोड पर ले गए। पूछा कि उसने गाली क्यों दी, जिस पर शिवा ने सिर पर कड़ा मार दिया था जिससे वह लहूलुहान हो गया था। उसके बाद मानव, पारस, रचित और कृष्णा ने उसे पकड़ लिया। गौरव ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
