औद्योगिक गलियारा: एक हजार हेक्टेयर भूमि अर्जन की कवायद शुरू, भमोरा में चार गांवों की भूमि चिह्नित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन बनाने की दिशा में औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार उद्यमियों को गंगा एक्सप्रेस-वे के नजदीक ऐसा औद्योगिक क्षेत्र उपलब्ध करा रही है, ताकि कंपनियाें को इकाइयां लगाने में आसानी हो सके। ट्रांसपोर्ट व्यवस्था बेहतर बन सके। 

इन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बरेली में औद्योगिक गलियारा बसाने की कवायद तेज हो गई है। एक हजार हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा बनाने के लिए मंजूरी मिलने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने भमोरा क्षेत्र में चार गांवों की भूमि को चिह्नित किया है। यह भूमि बरेली-बदायूं हाईवे और गंगा एक्सप्रेस-वे के मध्य में है। इससे निवेशकों को ट्रांसपोर्ट में दिक्कत नहीं होगी।

भमोरा क्षेत्र में चार गांवों की भूमि चिह्नित करने के बाद यूपीडा के अधिकारियों को इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से प्रारंभिक जानकारी दे दी गयी है। डीएम अविनाश सिंह का कहना है कि औद्याेगिक गलियारा बसाने के लिए भूमि चिह्नित की है। अप्रैल के प्रथम सप्तह में यूपीडा के अधिकारियाें के आने पर चिह्नित भूमि पर फाइनल मुहर लगेगी।

दरअसल, जनपद में एक हजार हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक गलियारा बनाने की मंजूरी मिली है। यह औद्योगिक गलियारा निर्माणाधीन, प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्यीय राजमार्ग या अन्य ऐसे मार्ग पर बनाया जाएगा, जहां से औद्याेगिक क्षेत्र के लिए आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके। उप्र एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दीपक कुमार का पत्र मिलने के बाद भूमि को चिह्नित किया गया था। औद्योगिक गलियारा बनने से जहां उद्याेग धंधों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं हजारों युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे।

संबंधित समाचार