Moradabad: परीक्षा मूल्यांकन में तेजी, समय से पहले पूरा करने की तैयारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से जारी है। जिले के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों द्वारा सख्त निगरानी में कॉपियों की जांच की जा रही है। केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और पुलिस बल की मौजूदगी में कार्य संपन्न हो रहा है।
सोमवार तक 4,99,489 उत्तरपुस्तिकाओं में से अब तक 2,20,182 कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है, जो कुल का 44.08 प्रतिशत है। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज केंद्र पर सर्वाधिक 51.52 प्रतिशत कॉपियां जांची गई हैं, जबकि जीजी हिंदू इंटर कॉलेज में यह आंकड़ा 36.53 प्रतिशत है। पारकर इंटर कॉलेज में 40.40 प्रतिशत, हैबिट मुस्लिम इंटर कॉलेज में 44.20 और एचएसवी इंटर कॉलेज में 48.56 प्रतिशत कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शेष 2,79,307 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कॉपियों में दिख रही बच्चों की रचनात्मकता
उत्तरपुस्तिकाओं में प्रश्नों के उत्तर की जगह पर कई रोचक और भावनात्मक बातें लिखी हुई मिल रही हैं। कई छात्र उत्तर के अंत में पास करने की अपील लिखा है, तो कुछ ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों का जिक्र किया है। कहीं-कहीं भगवान का नाम लिखकर अच्छे अंक देने की प्रार्थना की है। कुछ कॉपियों में चित्र, शायरी और प्रेरक पंक्तियां भी लिखी मिली हैं।
