Bareilly: खुले नालों ने ली तीन जानें, मौलाना शहाबुद्दीन ने राज्यपाल को लिखा पत्र
बरेली, अमृत विचार। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर नगर निगम की गंभीर लापरवाही की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
पत्र में बताया गया कि 2026 के शुरुआती तीन महीनों में खुले नालों के कारण तीन लोगों की जान जा चुकी है। ताजा घटना 24 मार्च की है, जहां सेटेलाइट बस स्टैंड के पास खुले नाले में गिरने से हरदोई निवासी ट्रक ड्राइवर तौहीद की मौत हो गई। इससे पहले सुरेश कुमार और सैय्यद आरिफ अली भी इसी तरह की अनदेखी का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं।
मौलाना शहाबुद्दीन ने राज्यपाल से इन घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने और मृतक परिवारों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर निगम और रोडवेज के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी लेने के बजाय एक-दूसरे पर दोष मढ़ रहे हैं।
