UP : लखनऊ समेत कई जिलों में छापेमारी : 49 ब्लड सेंटरों में मिली खांमियां, संचालन पर रोक

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) उत्तर प्रदेश ने राज्य भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 ब्लड सेंटरों के संचालन पर तत्काल रोक लगा दी है। यह कार्रवाई विभिन्न जिलों में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद की गई। 30 मार्च से चलाए जा रहे अभियान के तहत 43 जनपदों में संचालित कुल 201 ब्लड सेंटरों का औचक निरीक्षण किया गया। इनमें से 18 जिलों के 159 ब्लड सेंटरों की जांच पूरी की गई, जिसमें 49 केंद्रों में गंभीर खामियां पाई गईं।

इसके बाद इन केंद्रों पर रक्त संग्रह और वितरण से संबंधित सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई। जांच के दौरान कई केंद्रों पर अनिवार्य एलाइजा टेस्ट न किए जाने, ब्लड स्टोरेज के मानकों का पालन न करने, तकनीकी स्टाफ की कमी, उपकरणों के सही संचालन में लापरवाही और रिकॉर्ड में गड़बड़ी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। कुछ स्थानों पर बिना उचित परीक्षण के रक्त बैग रखे मिले, वहीं एंटीजनिक कंडीशन जैसी गंभीर लापरवाही भी पाई गई।

अधिकारियों के अनुसार, अलीगढ़, मुरादाबाद, झांसी, बहराइच, कासगंज और शामली समेत कई जिलों में कार्रवाई की गई। इनमें अलीगढ़ के तीन, बहराइच के दो और शामली के एक ब्लड सेंटर को तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। जिला स्तर पर देखें तो सबसे ज्यादा कार्रवाई लखनऊ में हुई, जहां 7 ब्लड सेंटरों पर रोक लगाई गई। इसके अलावा सहारनपुर में 6, आगरा में 5, कानपुर और मुजफ्फरनगर में 4-4, जबकि गाजियाबाद और अलीगढ़ में 3-3 केंद्रों पर कार्रवाई की गई।

अधिकारियों का कहना है कि जिन केंद्रों में खामियां पाई गई हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। साथ ही संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षित और मानक के अनुरूप रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

यह भी पढ़ें : बेटी है बोझ नहीं... मेरठ में पति से तलाक के बाद रिटायर्ड जज ने बेटी का ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत

संबंधित समाचार