Moradabad: शाम को उमड़े काले बादल, बारिश की उम्मीद जगी, गर्मी से परेशान लोगों को राहत 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार को मौसम का मिजाज दिनभर बदलता रहा। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे धूप की तीव्रता तो कम रही, लेकिन गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। दोपहर तक गर्मी और नमी का असर साफ दिखाई दिया। धूप तेज नहीं होने के बावजूद वातावरण में चिपचिपाहट बनी रही, जिससे लोगों को असहजता का सामना करना पड़ा।

बाजारों में भी दोपहर के समय चहल-पहल कुछ कम नजर आई और लोग गर्मी से बचने के उपाय करते दिखे। शाम करीब चार बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और बादल घिर आए। करीब पांच बजे काले घने बादल उमड़ने लगे, जिससे बारिश की उम्मीद जाग उठी। तेज हवा के साथ मौसम सुहावना होने लगा और लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। 

हालांकि देर शाम तक बारिश नहीं हुई, लेकिन बदलते मौसम ने लोगों को राहत की उम्मीद जरूर दी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि चार और पांच अप्रैल को इसी तरह बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना भी है।

 

संबंधित समाचार