लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी से यूपी कनेक्शन को लेकर होगी पूछताछ, ATS की टीम जाएगी दिल्ली 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने बांग्लादेश की सीमा पर दो दिन पहले लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया था। यूपी एटीएस ने शब्बीर अहमद लोन का यूपी कनेक्शन खंगालना शुरू कर दिया है। वहीं जल्द ही एटीएस की एक टीम उससे पूछताछ के लिए दिल्ली जाएगी। इसकी तैयारी हो चुकी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल शब्बीर को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

गाजियाबाद पुलिस ने कुछ दिन पहले पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद एटीएस ने आतंकी संगठन आईएसआईएस के आनलाइन माड्यूल से जुड़े बीडीएस छात्रा हारिस अली को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया। सहारनपुर निवासी हारिस ने सोशल मीडिया पर विभिन्न ग्रुपों के माध्यम से युवाओं को जिहाद के लिए उकसाया था। इस नेटवर्क को लेकर एटीएस की छानबीन जारी है। 

इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने आतंकी शब्बीर को गिरफ्तार किया और उसके नेटवर्क को खंगाल रही है। एटीएस की टीम दिल्ली पुलिस की विशेष दस्ते के संपर्क में है। उससे हुई शुरूआती पूछताछ के बारे में जानकारी जुटा रही है। ताकि उसके आधार पर यूपी में शब्बीर अहमद लोन के नेटवर्क को खंगाला जा सके। एटीएस की टीम उससे पूछताछ करेगी कि कहीं बांग्लादेश बेस्ड एलईटी माड्यूल की जड़ें कहीं यूपी में भी तो नहीं हैं। सूत्रों के अनुसार शब्बीर का एनसीआर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नेटवर्क होने की आशंका है। शब्बीर एलईटी का हैंडलर है।

2007 में हुआ था गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया कि शब्बीर अहमद लोन आईएसआई के इशारे पर आतंकी घटनाओं को अंजाम देता है। इस समय सीमा पार से मिल रहे निर्देशों पर भारत में आतंकी घटनाओ अंजाम देने के फिराक में था। लश्कर-ए-तैयबा कमांडर शब्बीर अहमद लोन को इससे पहले दिल्ली पुलिस ने 2007 में आतंकवाद के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके पास से एके-47 बरामद हुई थी। 2019 में कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह बांग्लादेश भाग गया था। ढाका में रहकर उसने लश्कर और आईएसआई के लिए आतंकी सेल स्थापित की। सूत्रों के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन को कश्मीरी राजा भी कहा जाता है। लोन लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षित आतंकवादी है। उसने मुजफ्फराबाद में ट्रेनिंग ली है।

संबंधित समाचार