लखनऊ में कूड़े से बनाई जाएगी बिजली, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट के लिए निकाला गया टेंडर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : शहर में निकले कूड़े से बिजली बनाने के लिए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। कंसल्टेंट चयन करने के लिए नगर निगम ने टेंडर निकाला है। 200 करोड़ की लागत से प्लांट लगाकर कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर बिजली बनाई जाएगी। कंसल्टेंट ही रूपरेखा बनाने के साथ तकनीक और संचालन की बारीकियों पर काम करेगा। जिम्मेदारी मिलने के बाद कंसल्टेंट को दो महीने में विस्तृत रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंपनी होगी।

अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने बताया कि 22 फरवरी को सदन की बैठक में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट को मंजूरी दी गई थी। ये प्लाट शिवरी में 25 एकड़ में लगाया जाएगा। यहां करीब 50 एकड़ जमीन खाली है। अभी वहां निगम के 700-700 मीट्रिक टन क्षमता के तीन कूड़ा निस्तारण प्लांट संचालित हैं। जिनमें प्रतिदिन लगभग 2000 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जाता है। 

कूड़ा निस्तारण के बाद निकला वेस्ट बिजली बनाने के लिए प्लांट लगाया जाएगा। नगर निगम के पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि कंसल्टेंट चयन के लिए टेंडर निकाला गया है। कंसल्टेंट फर्म चयनित होने के बाद 2 महीने में अपनी रिपोर्ट तैयार करके नगर आयुक्त को सौंपेगी। इसके बाद प्लांट का निर्माण शुरू किया जाएगा। इसमें एक वर्ष का समय लग जाएगा।

ये भी पढ़ें : 
लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी से यूपी कनेक्शन को लेकर होगी पूछताछ, ATS की टीम जाएगी दिल्ली

संबंधित समाचार