Bareilly : नगर निगम ने लक्ष्य से 33 करोड़ अधिक वसूला राजस्व, कर-करेत्तर मद में भी शानदार प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिन 31 मार्च को नगर निगम के टैक्स विभाग में भारी गहमागहमी रही। वित्तीय वर्ष के समापन तक कुल 167.25 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। यह आंकड़ा पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की कुल वसूली 109.69 करोड़ रुपये के मुकाबले काफी अधिक है, जो शहर के विकास कार्यों के लिए एक शुभ संकेत है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए संपत्ति कर का लक्ष्य 88.86 करोड़ निर्धारित किया था, जिसके सापेक्ष अब तक 97.71 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 71.09 करोड़ रुपये था। इस वर्ष 1,79,065 भवनों को टैक्स के दायरे में लाया गया, जिनमें से 69,587 भवनों के स्वामियों ने भुगतान किया। मुख्य कर निर्धारिण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि कर-करेत्तर मद में भी नगर निगम ने निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़ दिया है। इस श्रेणी के लिए 45.00 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा था, जबकि विभाग ने कड़ी मेहनत करते हुए 69.54 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया है। पिछले साल इस मद में केवल 38.60 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए थे। 

31 मार्च को कर से 5.11 करोड़ रुपये और बिजली विभाग के माध्यम से 15.35 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। कुल 2046.80 लाख रुपये का राजस्व खजाने में आया। केवल एक दिन में 1,122 भवनों से कर वसूली की गई। इस वर्ष 133.86 करोड़ रुपये के कुल लक्ष्य के विरुद्ध 167.25 करोड़ रुपये वसूल कर लक्ष्य से 124 प्रतिशत से अधिक की प्रगति दर्ज की है। अधिकारियों का मानना है कि ऑनलाइन भुगतान की सुविधा और विभाग की सक्रियता से वसूली के इन आंकड़ों में इतनी बड़ी वृद्धि संभव हो सकी है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि वित्तीय वर्ष का अंतिम दिन 31 मार्च सुपर कलेक्शन वाला रहा।

संबंधित समाचार