यूपी बनेगा ग्लोबल टूरिज्म हब : पर्यटन में 96% और संस्कृति में 93% बजट स्वीकृति, परियोजनाओं को मिली गति
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विकास कार्यों में तेज रफ्तार का संकेत दिया है। विभाग का कहना है कि स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ जमीन पर उतारना प्राथमिकता है, ताकि प्रदेश को वैश्विक पहचान मिल सके।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बजट का उपयोग पारदर्शी, समयबद्ध और परिणामोन्मुख तरीके से किया जा रहा है। बताया कि प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए कई महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम हो रहा है। इनमें लखनऊ में प्रस्तावित अत्याधुनिक नौसेना संग्रहालय, अयोध्या में लव-कुश पार्क, रामायण वैक्स म्यूजियम और रामकथा संग्रहालय, फिरोजाबाद का ग्लास म्यूजियम तथा आधुनिक आर्य गुरुकुल म्यूजियम शामिल हैं।
पर्यटन विभाग के अनुसार, 1801.30 करोड़ रुपये के बजट के सापेक्ष 1729.22 करोड़ रुपये यानी लगभग 96 प्रतिशत की स्वीकृति दी जा चुकी है। वहीं संस्कृति विभाग ने 200 करोड़ रुपये के बजट के मुकाबले 186.96 करोड़ रुपये यानी करीब 93.48 प्रतिशत राशि की स्वीकृति देकर योजनाओं को आगे बढ़ाने में सक्रियता दिखाई है। इसके साथ ही प्रमुख राजमार्गों पर वे-साइड एमेनिटीज विकसित की जा रही हैं, जहां यात्रियों को स्वच्छ शौचालय, फूड कोर्ट, पार्किंग, ईंधन और सुरक्षा जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
ये भी पढ़ें :
लखनऊ में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को नई गति : CM Yogi ने दिखाई इलेक्ट्रिक वाहन को हरी झंडी
