मेरठ में 5 बिजली अफसरों पर गिरी गाज, पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष आशीष गोयल के हस्तक्षेप के बाद कड़ा एक्शन
लखनऊ, अमृत विचार: पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने मेरठ में लगातार ट्रांसफार्मर फेल होने और लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच बिजली अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।
प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने उद्योगपुरम और सोफीपुर में क्षतिग्रस्त पावर ट्रांसफार्मरों के लिए अधिशासी अभियंता वीके सिंह के साथ सहायक अभियंता विशाल सिंह व विद्यासागर और अवर अभियंता सतीश चंद्र चौधरी व अनुराग प्रताप सिंह निलंबित किया है। इसके अलावा मामले में लापरवाही को लेकर चीफ इंजीनियर मुनीश चोपड़ा और अधीक्षण अभियंता अरशद से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। यह कार्रवाई पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष आशीष गोयल के हस्तक्षेप के बाद की गई, जिन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रिपोर्ट तलब की थी। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, पूरे मामले की विस्तृत जांच भी कराई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
