अमौसी में बनकर तैयार नगर निगम का दूसरा एबीसी सेंटर : 300 कुत्ते रखने की क्षमता, सेंटर पर 12 दिन की जाएगी निगरानी
लखनऊ, अमृत विचार : आवारा कुत्तों को रखने के लिए नगर निगम का दूसरा एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर अमौसी में बनकर तैयार है। 1.85 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्ष में बनकर तैयार हुए इस सेंटर में लगभग 300 आवारा कुत्तों को रखने की क्षमता है।
डॉक्टरों की देख-रेख में यहां आवारा कुत्तों रखकर टीकाकरण और नसबंदी की जाएगी। जिससे कुत्ते हिंसक न हों और इनकी आबादी भी नियंत्रित की जा सके। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि अगले महीने एबीसी सेंटर को उद्घाटन होगा।
शहर में आवारा कुत्तों की जनसंख्या करीब 1.30 लाख पहुंच गई है। ये आवारा कुत्ते लोगों को काटकर जख्मी कर देते हैं। ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आवारा कुत्तों की आबादी पर नियंत्रित करने और निगरानी के लिए नगर निगम से दूसरा एबीसी सेंटर बनाया है।
आक्रामक हो चुके और लोगों को काटने वाले कुत्तों को पकड़कर इस एबीसी सेंटर में डॉक्टरों की निगरानी रखा जाएगा। सेंटर में करीब 12 दिन रखा जाएगा। सामान्य होने पर नसबंदी और टीकाकरण करने के बाद उसी स्थान पर छोड़ दिया जाएगा।
नगर निगम का पहला एनिमल बर्थ कंट्राेल सेंटर जरहरा में बना है। उसमें भी करीब 300 कुत्तों को रखने की क्षमता है। अकेला सेंटर होने के कारण यह छोटा पड़ गया था। अब दूसरा एबीसी सेंटर बन जाने से कुत्तों के प्रजनन पर नियंत्रण में तेजी आएगी। पशु कल्याण अधिकारी ने बताया कि दूसरा एबीसी सेंटर बन जाने से आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के कार्य में तेजी आएगी।
