सुलतानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: नेपाल से लौट रहे युवकों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत, चार घायल
सुलतानपुर, अमृत विचार। गोसाईगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कटका-डोडापुर हाईवे पर बुधवार तड़के करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार राज्य के रहने वाले पांच युवक चार पहिया वाहन (BR01PL2603 अर्टिगा) से नेपाल से वापस लौट रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।
इस भीषण दुर्घटना में प्रत्यय अमृत (21 वर्ष) पुत्र प्रभात रंजन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार युवक—हिमांशु पुत्र नवीन सिंह, मधुकर कुमार पुत्र राजीव कुमार, अनिल कुमार पुत्र पंचानंद शर्मा और मंटू कुमार पुत्र अक्षय लाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही द्वारिका गंज चौकी प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
