लखनऊ : अहिंसा, सत्य और करुणा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : अहिंसा, सत्य एवं करुणा के महान प्रवर्तक भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्मकल्याणक के पावन अवसर पर “श्री 1008 भगवान महावीर स्वामी जन्मकल्याणक महोत्सव” का भव्य आयोजन आज गोमती नगर स्थित भगिदारी भवन में किया गया । यह आयोजन महावीर स्वामी साप्ताहिक मिलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में आयोजित हुआ था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत—अहिंसा, अपरिग्रह एवं सत्य—आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं, व सामाजिक समरसता, शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का जीवन दर्शन मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में अहिंसा एवं सहिष्णुता का संदेश अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके उपरांत भगवान महावीर स्वामी के जीवन एवं उनके उपदेशों पर आधारित संगोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान महावीर के जीवन दर्शन को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह में आध्यात्मिक एवं सामाजिक चेतना का संचार हुआ।

इस अवसर पर अवनीश अवस्थी (IAS),मुख्यमंत्री की मुख्य सलाहकार नेहा जैन (IAS), विशेष सचिव अजीत शासने , निदेशक, NBRI अनीता भटनागर जैन (IAS), सदस्य, कार्यक्रम पर्यावरण समूह, भारत सरकार, पीयूष सिंह चौहान, निदेशक, एस.आर. इंस्टीट्यूट सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की तथा अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गुंजन जैन ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और समाज में सकारात्मक मूल्यों के संवर्धन के लिए निरंतर ऐसे आयोजनों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से कौशल, प्रांत प्रचारक अवध प्रांत , अभिषेक जैन, संजीव जैन, पी के जैन के साथ साथ मिलन के अभिनव , आदित्य आयुष , भरत , दिव्य , सत्यम , चेतन,अभिनव शुक्ला, संचित , प्रशांत, सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित हुए।

यह भी पढ़ें : केजीएमयू में विवाद : कर्मचारी ने मरीज को पीटा, बचाने पहुंचा गाड़ियों का काफिला

संबंधित समाचार