सीएम युवा उद्यमी योजना में जौनपुर अव्वल, टॉप लिस्ट में आजमगढ़ और हरदोई ने भी बनाई जगह
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में अहम साबित हो रहा है। जिलावार प्रदर्शन में जौनपुर ने 151.56 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि आजमगढ़ 149.96 प्रतिशत के साथ दूसरे और हरदोई तीसरे स्थान पर रहा।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के तहत लक्ष्य से अधिक आवेदन आए और बड़े पैमाने पर युवाओं को लोन वितरित किया गया। प्रदेश में 1.5 लाख लोन वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष 3,86,092 युवाओं ने आवेदन किया। इनमें से 3,30,441 आवेदन बैंकों को भेजे गए, जबकि 1,45,454 को स्वीकृति मिली। अब तक 1,38,304 युवाओं को लोन वितरित किया जा चुका है।
जौनपुर ने लक्ष्य से 151.56% उपलब्धि हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। जिले में 2,700 के लक्ष्य के मुकाबले 4,092 युवाओं को लोन मिला। प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर युवाओं को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने का असर साफ दिखा। आजमगढ़ ने 149.96% उपलब्धि के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जहां ब्लॉक स्तर पर वर्कशॉप और काउंसिलिंग से युवाओं को जोड़ा गया। हरदोई ने 3,226 युवाओं को लोन देकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। झांसी ने चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि लखीमपुर खीरी पांचवें स्थान पर रहा। अंबेडकरनगर, बहराइच, चित्रकूट और बलिया का प्रदर्शन भी बेहतर रहा।
