लखनऊ जंक्शन पर टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, मुंबई से जुड़े दलालों के संपर्क में थे आरोपी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

फर्जी नामों पर ई-टिकट बेचने का खुलासा

लखनऊ, अमृत विचार : जीआरपी क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को लखनऊ जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे टिकटों की कालाबाजारी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। टीम ने गाड़ी संख्या 20103 (एलटीटी-आजमगढ़ एक्सप्रेस) के कोच एस-5 में दूसरे व्यक्ति के नाम पर ई-टिकट लेकर यात्रा कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल राफेहक खान (24) और मो. मकसूद (36), निवासी संतकबीर नगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास बरक्कत अली और मकसूद अहमद के नाम से जारी ई-टिकट बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2,269 रुपये थी। यह टिकट सीट नंबर 15 और 16 के लिए बुक था।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मुंबई के टिकट दलाल 60 दिन पहले ही रैंडम नामों से टिकट बुक कर लेते हैं। समर सीजन में मांग बढ़ने पर ये दलाल यात्रियों के आधार कार्ड में नाम एडिट कर मिलते-जुलते नाम वाले लोगों को ऊंचे दामों पर टिकट बेचते हैं।

दोनों के खिलाफ आरपीएफ पोस्ट ऐशबाग में रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जीआरपी टीम अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह यादव, सुनीत कुमार श्रीवास्तव, करुनेश कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल महेंद्रनाथ और कांस्टेबल हेमंत कुमार भारती समेत अन्य शामिल रहे।

संबंधित समाचार