Moradabad पुलिस के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रंगदारी के रुपये व फर्जी दस्तावेज बरामद
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना कटघर पुलिस ने रंगदारी वसूली के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को पुलिस से जुड़ा बताकर मुकदमे में राहत दिलाने के नाम पर पीड़ित पक्ष से लाखों रुपये वसूल रहा था।
शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक कटघर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी थाने में दर्ज मुकदमे में दर्ज मोहम्मद फारूख का नाम निकलवाने और राहत दिलाने के नाम पर उसके परिजनों को डरा-धमका रहा था।इसी बहाने आरोपी इकराम कुरैशी ने पीड़ित के साले इरफान अंसारी से पुलिस के नाम पर कुल 1,69,999 रुपये वसूल लिए, जिसमें 1,14,999 रुपये खाते में और 55,000 रुपये नकद शामिल हैं।
इस संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा तीन अप्रैल को थाना कटघर में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर आरोपी इकराम कुरैशी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी इकराम कुरैशी को मैदा मिल कब्रिस्तान के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से रंगदारी के 10,300 रुपये नकद, एक प्रेस कार्ड, दो आधार कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ,जहां से उसे जिला कारागार भेजा गया है।
