UP Board News: यूपी बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षा के अंकों के अपलोड के लिए दिया अंतिम मौका, जल्द जारी होगा रिजल्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

प्रयागराजः उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षा 2026 के अंकों के अपलोड को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए विद्यालयों को अंतिम अवसर प्रदान किया है। परिषद की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कई विद्यालयों में आंतरिक परीक्षकों द्वारा प्रैक्टिकल अंकों को समय पर ऑनलाइन अपलोड नहीं किया गया, जिससे हजारों छात्रों का परीक्षा परिणाम प्रभावित हो रहा है।

बोर्ड के मुताबिक, इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की गई थीं। पहला चरण 24 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक तथा दूसरा चरण 2 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक संपन्न हुआ था। इसके बाद भी जिन विद्यालयों में अंक अपलोड नहीं हो सके थे, उन्हें 13 फरवरी 2026 तक अतिरिक्त समय दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कई परीक्षा केंद्रों पर लापरवाही बरती गई। ऑनलाइन डेटा की समीक्षा में सामने आया है कि प्रदेश के 652 प्रायोगिक परीक्षा केंद्रों पर अब तक अंक अपलोड नहीं किए गए हैं, जिससे लगभग 34,637 परीक्षार्थियों का परिणाम प्रभावित हुआ है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए परिषद ने छात्रहित में एक और अवसर देने का निर्णय लिया है। अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर 6 और 7 अप्रैल 2026 को प्रैक्टिकल अंकों का पोर्टल पुनः खोला जाएगा।

परिषद ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथियों के भीतर सभी विद्यालय अपने शेष प्रैक्टिकल अंक अनिवार्य रूप से अपलोड करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि इस अंतिम अवसर के बावजूद अंक अपलोड नहीं किए जाते हैं, तो संबंधित परीक्षार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित परीक्षक, प्रधानाचार्य और जिला विद्यालय निरीक्षक को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे अपने विद्यालयों से संपर्क बनाए रखें और सुनिश्चित करें कि उनके प्रैक्टिकल अंक समय से अपलोड हो जाएं, ताकि उनके परिणाम पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। 

संबंधित समाचार