मंत्री ओपी राजभर का विपक्ष पर तीखा हमला, कहा- प्रदेश में बिना भेदभाव के किए जा रहे विकास कार्य
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं। राजभर शुक्रवार को जौनपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञान प्रकाश सिंह के आवास 'कैलाशपति' पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और महिलाएं व बेटियां सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करने के लिए काम कर रही है और इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने हाल ही में सिंगापुर और जापान की यात्रा की थी।
राजभर ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश में विकास का उदाहरण बनेगा। राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी संकेत दिए और कहा कि वे जौनपुर जिले की शाहगंज और जफराबाद सीटों पर अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इस अवसर पर भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह ने इसे शिष्टाचार भेंट बताते हुए मंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
