गोरखपुर में 'मुख्यमंत्री विरासत सम्मान' कार्यक्रम कल, घंटाघर सौंदर्यीकरण का सीएम योगी करेंगे लोकार्पण

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर महानगर में 'विरासत के सम्मान संग विकास के नए सोपान' कार्यक्रम के तहत घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री घंटाघर स्थित अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा पांडेयहाता विरासत गलियारा में एक नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी करेंगे। घंटाघर को स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक स्मृतियों से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल बताया जाता है।

नगर निगम द्वारा इसके सौंदर्यीकरण पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियों को इस विरासत से परिचित कराया जा सके। उन्होने बताया कि करीब 27.26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉम्प्लेक्स में 43 दुकानें बनाई गई हैं तथा यहां 50 कारों और 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 

इसके अतिरिक्त, पांडेयहाता विरासत गलियारा में लगभग 34.43 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में दुकानों और पार्किंग की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे प्रभावित व्यापारियों को व्यवस्थित किया जा सकेगा। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। 

संबंधित समाचार