बाराबंकी : खरीदी अफीम से हेराइन बनाकर छाप रहे थे नोट, 5 करोड़ की हेरोइन समेत दो तस्कर दबोचे

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स थाना बाराबंकी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2.505 किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही। साथ ही 11,040 रुपये नकद व कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

एएनटीएफ से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद साहनी निवासी पश्चिमी चम्पारण बिहार और राहुल कुमार निवासी चतरा झारखण्ड के रूप में हुई है। दोनों को 3 अप्रैल को कुशीनगर जिला थाना कसया क्षेत्र के गोपालगढ़ ओवरब्रिज के पास सर्विस लेन एनएच-28 से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ कुशीनगर के कसया थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिलकर अफीम खरीदते थे और उससे हेरोइन तैयार कर ऊंचे दामों पर बेचतर नोट छाप रहे थे। इस धंधे से वे मोटा मुनाफा कमा रहे थे। बरामद हेरोइन को भी बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में कुशीनगर आए थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।

एएनटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में तस्करी नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई में एएनटीएफ बाराबंकी की टीम के साथ थाना कसया पुलिस ने भी अहम भूमिका निभाई।

संबंधित समाचार