CSJMU Admissions : सीएसजेएमयू में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, विवि की वेबसाइट पर जाकर कर सकते हैं पंजीकरण
कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) कैंपस में संचालित 13 स्कूलों के कुल 175 कोर्सों में अकादमिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, इनमें से 18 कोर्सों में प्रवेश विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से होगा। यूआईईटी (UIET) की सभी ब्रांचों में प्रवेश JEE (जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन) के आधार पर होगा, जबकि फार्मेसी कोर्स में GPAT (ग्रेजुएट फार्मेसी एप्टीट्यूड टेस्ट) के जरिए छात्र दाखिला ले सकेंगे। बीएड में जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम और इंटीग्रेटेड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम (साइंस एवं आर्ट्स) में NTA परीक्षा के माध्यम से प्रवेश मिलेगा।
विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक प्रो. बृष्टि मित्रा ने बताया कि शेष कोर्सों में प्रवेश इस प्रकार होगा:
- MCA, मास्टर ऑफ हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन, एमए क्लिनिकल साइकोलॉजी, बीएससी क्लिनिकल साइकोलॉजी, एमएड और बीफार्मा जैसे कोर्सों में विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला होगा।
- कुल 157 कोर्सों में मेरिट आधारित डायरेक्ट एडमिशन होगा, जिसमें पर्सनल इंटरव्यू और कुछ कोर्सों में ग्रुप डिस्कशन भी शामिल होगा।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी ने बताया कि इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.csjmu.ac.in के होमपेज पर दिए गए लिंक के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण पेज पर एडमिशन ब्रोशर भी उपलब्ध है, जिसमें सभी 13 स्कूलों के 175 कोर्सों की सीटों की संख्या, फीस संरचना, कोर्स कोऑर्डिनेटर का नाम और मोबाइल नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है।
पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के लिए छात्रों को ऑनलाइन 300 रुपये की फीस जमा करनी होगी। पंजीकरण के समय फोटो, साइन, शैक्षणिक और व्यक्तिगत विवरण अपलोड करना अनिवार्य है।
